राशन कार्ड धारकों की बड़ी मुश्किलें

पंजाब

Punjab news point : “प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना” से जुड़े राशन कार्ड धारक परिवारों द्वारा 31 मार्च 2025 तक ई-के.वाई.सी. नहीं करवाने पर उक्त सभी परिवारों को मिलने वाली फ्री गेहूं को ग्रहण लग सकता है। इसमें फर्जी राशन कार्ड धारकों सहित गलत तरीके से योजना का लाभ लेने वाले कई अन्य लोगों का पता कट जाएगा।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के मुताबिक विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लुधियाना जिले से संबंधित 80 फ़ीसदी के करीब राशन कार्ड धारकों की ई-के.वाई.सी. करवाने का काम मुकम्मल कर लिया गया है। इसमें ईस्ट सर्कल में 80.30 फ़ीसदी जबकि वेस्ट सर्कल में 76 फीसदी परिवार शामिल है जो कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित अंत्योदय अन्न योजना के तहत फ्री गेहूं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक मौजूदा समय दौरान ईस्ट सर्कल में 96 फ़ीसदी जबकि वेस्ट सर्कल में 91 परिवारों को केंद्र की मोदी सरकार द्वारा फ्री अनाज मुहैया करवाया जा रहा है। इस बीच जो बात उभर कर सामने आ रही है वह यह है कि 31 मार्च तक ई-के.वाई.सी. नहीं करवाने वाले परिवारों को आगामी फेज में सरकार द्वारा दी जा रही फ्री गेहूं का लाभ नहीं मिल पाएगा। इसमें बड़ी संख्या में फर्जी राशन कार्ड धारकों सहित लुधियाना से अन्य शहरों एवं प्रदेशों में बस चुके और विवाह शादी करके शिफ्ट हो चुके राशन कार्ड मेंबर एवं वर्षों पहले मर चुके लोगों के केस मुख्य तौर पर शामिल है।

मामले संबंधी जानकारी देते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कंट्रोलर मैडम शिफाली चोपड़ा एवं सरताज सिंह चीमा ने बताया कि उनकी टीमों द्वारा 13 मार्च वार्ड स्तर पर ई-के.वाई.सी. कैंप लगाकर राशन कार्ड धारकों को अपनी ई-के.वाई.सी. करवाने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा विभाग का लक्ष्य है कि 31 मार्च तक 100 फीसदी राशन कार्ड धारकों की ई-के.वाई.सी का काम मुकम्मल किया जा सके ताकि कोई भी गरीब और जरूरतमंद परिवार सरकार द्वारा चलाई जा रही बहुमूल्य योजना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और अंतोदय अन्न योजना से जुड़े परिवारों को ई केवाईसी करवाने के लिए वार्ड स्तर पर कैंप लगाने सहित सोशल मीडिया पर संदेश भेज कर जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *