PNP : जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बाबू जगजीवन राम चौक के पास नशा मुक्ति केंद्र के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना आज यानी सोमवार दोपहर की है। मृतक की पहचान जालंधर निवासी सचिन मल्होत्रा के रूप में हुई है। रविवार रात सचिन से मामूली विवाद हुआ था, उसी युवक ने सचिन की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। वहीं, बेटे की मौत की सूचना पाकर सिविल अस्पताल जालंधर पहुंचे परिजन बेसुध हो गए।सचिन मल्होत्रा की माँ ने बताया कि हमलावरों ने कल देर रात उनके बेटे की पिटाई की थी, लेकिन थाना-5 की पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आज यानी सोमवार को उसी गिरोह के सदस्य बेटे को बात करने के बहाने बुलाकर ले गए और चाकू से तीन बार वार करके उसकी हत्या कर दी। सचिन शादीशुदा था और उसकी एक 2 साल की बेटी भी है। परिवार का आरोप है कि अगर पुलिस पहले कार्रवाई करती, तो यह घटना टल सकती थी।
इस मामले में मृतक का दोस्त तनिष्क भी गंभीर रूप से घायल है। उसके सिर में चाकू मारा गया था। उसे इलाज के लिए मृतक के साथ सिविल अस्पताल जालंधर लाया गया था। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस घायल युवक का बयान दर्ज नहीं कर पाई है। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

