पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भरतपुर में एक चुनावी रैली में कहा कि पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है. मगर कांग्रेस (Congress) ने राजस्थान को पीछे धकेल दिया है. उन्होंने कहा कि राजस्थान की संस्कृति की रक्षा के लिए यहां भाजपा जरूरी है. अबसे ठीक एक हफ्ते बाद राजस्थान में मतदान होने वाला है. हर तरफ एक ही गूंज है, जन-जन की यही पुकार आ रही है भाजपा सरकार. पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग यहां खुद को जादूगर कहते हैं. अब उन्हें राजस्थान की जनता कह रही है- 3 दिसंबर कांग्रेस छू मंतर. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा (BJP) ने राजस्थान में एक शानदार संकल्प पत्र जारी किया है. भाजपा का संकल्प है- राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे. भाजपा का संकल्प है- राजस्थान में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करेंगे. भाजपा का संकल्प है- बहनों-बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल बनाएंगे. राजस्थान भाजपा ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करने के लिए हम जी-जान लगा देंगे. आपसे किए गए ये वादे जरूर पूरे होंगे ये मोदी की भी गारंटी है
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक तरफ भारत दुनिया में अग्रणी बन रहा है. दूसरी तरफ राजस्थान में बीते 5 वर्ष में क्या हुआ वो आप सब जानते हैं. कांग्रेस ने राजस्थान को भ्रष्टाचार, दंगों और अपराधों में अग्रणी बना दिया है. इसलिए राजस्थान कह रहा है- जादूगर जी कोनी मिले वोट जी. पीएम मोदी ने कहा कि ब्रज क्षेत्र में बड़ी मशहूर कहावत है- जा पत्तल में खानों, वा में छेद करनो. कांग्रेस ने यहां आपके साथ ऐसा ही किया है. यहां कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारी थी कि वो हर नागरिक के जानमाल की सुरक्षा करे. लेकिन बीते 5 वर्षों में यहां बहनों-बेटियों, दलितों और वंचितों के साथ सबसे ज्यादा अपराध और जुल्म हुआ.

