Punjab news point : नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार शाम यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मोदी ने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा 30 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री, पांच ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 ने राज्य मंत्री की शपथ ली।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर को दाेबारा कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पांच साल बाद कैबिनेट में लौटे हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, मोदी कैबिनेट में नये चेहरे हैं। भाजपा नेता पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। ये सभी पहले राज्यसभा में थे, लेकिन अब लोकसभा के लिए चुने गये हैं। असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, अश्विनी वैष्णव, वीरेंद्र कुमार, प्रह्लाद जोशी, गिरिराज सिंह और जुएल उरांव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। लुधियाना से लोकसभा चुनाव हारे रवनीत सिंह बिट्टू ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी, जदयू के राजीव रंजन सिंह और रामनाथ ठाकुर, तेदेपा के रामामोहन रेड्डी, हम (सेक्युलर) के जीतन राम मांझी, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गयी है।
शपथ ग्रहण समारोह में देश और विदेश के कई शीर्ष नेताओं समेत करीब 9,000 लोग उपस्थित रहे। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू समेत भारत के पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र के सात देशाें के शीर्ष नेता समारोह में शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस मौके पर मौजूद रहे, हालांकि कई विपक्षी नेता समारोह में शामिल नहीं हुए। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, रजनीकांत, उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने वालों में शामिल थे। ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों के साथ ही सफाई कर्मचारी और मजदूर भी समारोह में शामिल हुए।

