Punjab news point : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार योगी सरकार ने स्व. मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव को महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया है. प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने मंगलवार रात इस संदर्भ में आदेश जारी किए. सपा संस्थापक और संरक्षक रहे मुलायम सिंह की यादव की छोटी बहू को महिला आयोग में अहम जिम्मेदारी देने के कई मायने निकाले जा रहे हैं.
जून 2024 में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के मजबूत होने और भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ने के बीच अपर्णा को लेकर किया गया फैसला अहम माना जा रहा है. मौजूदा परिदृश्य में स्व. मुलायम सिंह यादव की सियासी विरासत को सपा प्रमुख और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ही संभाल रहे हैं. चाचा शिवपाल सिंह यादव, प्रोफेसर राम गोपाल यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव समेत पूरा यादव परिवार उनके पीछे हैं.
ऐसे में जानकारों का दावा है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की विरासत की नई रेखा खींचने के लिए बीजेपी ने अपर्णा को यह मौका दिया है. अपर्णा को महिला आयोग की उपाध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने न सिर्फ बीते 2 सालों में पहली बार उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है बल्कि सपा और अखिलेश यादव के पीछे एकजुट यादवों को यह संदेश देने की कोशिश भी की है कि मुलायम के सियासत की विरासत का एक केंद्रबिन्दु अब उनके भी पास है.

