Punjab news point : पंजाब के बाकी हिस्सों की तरह फरीदकोट जिले में भी पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. इसके बाद उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी गई है. हालांकि, यहां के गांव बहिबल कलां में किसी भी व्यक्ति ने ना तो सरपंच पद के लिए और ना ही पंच पद के लिए अपना नामांकन दर्ज कराया है. इसलिए 15 अक्टूबर को गांव में पंचायत चुनाव नहीं हो सकेगा.
बहिबल कलां में ऐसे हालात के पीछे की वजह गैंगस्टर सिम्मा बहिबल का डर माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, सिम्मा बहिबल अपने पिता को गांव का सरपंच बनाना चाहता था लेकिन चुनाव परकिया के शुरू होने से पहले ही पुलिस ने सिम्मा बहिबल समेत उसके पिता और अन्य साथियों पर केस दर्ज कर दिया. इसलिए परिवार नामांकन दाखिल नहीं कर पाया.
पुलिस ने क्या बताया?
सिम्मा बहिबल परिवार के खौफ के चलते गांव का कोई और व्यक्ति भी नामांकन भरने के लिए आगे नहीं आया. इस मामले में गांव का कोई भी व्यक्ति टिप्पणी करने को भी तैयार नहीं है. जब इस मामले में एसपी बलजीत सिंह भुल्लर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य सुरक्षा प्रदान करना है और नामांकन भरने वाले स्थानों पर पुलिस ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था.

