Punjab news point : हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का गठन हो गया है। बृहस्पतिवार को वाल्मीकि जयंती के मौके पर पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मुख्यमंत्री के अलावा 13 मंत्रियों को भी शपथ दिलवाई। मंत्रियों में अनुभवी नेताओं के अलावा युवा चेहरे भी शामिल हैं। गौर हो कि नब्बे सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित कुल चौदह मंत्री बन सकते हैं।
मंत्रिमंडल में 11 कैबिनेट और दो राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए हैं। हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी राजनीतिक दल ने लगातार तीसरी बार सरकार का गठन किया है। भाजपा ने इस उपलब्धि को भुनाते हुए पंचकूला में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व बिजली मंत्री मनोहर लाल सहित कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।
भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों के अलावा कई राज्यों के राज्यपाल व उप-राज्यपाल भी आमंत्रित किए। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित 16 राज्यों के मुख्यमंत्री कार्यक्रम में नजर आए। मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी ने 1 बजकर 21 मिनट पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण करने के बाद नायब सिंह सैनी ने पीएम नरेंद्र मोदी से उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

