Punjab news point : डिजिटल की ओर बढ़ते कदमों के तहत रेलवे ने यात्रियों के लिए क्यू.आर. कोड और यू.टी.एस. ऑन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले जालंधर रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को मोबाइल से टिकट बुकिंग के लाभों से अवगत कराया जा रहा है।
*लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा, यात्री घर बैठे या रेलवे स्टेशन पर ही अपने मोबाइल से टिकट बुक कर सकते हैं।
* समय की बचत होगी, काऊंटर पर इंतजार करने की जरूरत नहीं, कुछ ही सेकंड में टिकट बुक हो जाती है।
* कैशलेस लेन-देन खत्म होगा। नकदी रखने की जरूरत नहीं, डिजिटल पेमेंट से सीधा भुगतान।
* पेपरलेस यात्रा: टिकट को प्रिंट कराने की जरूरत नहीं, मोबाइल पर ही ई-टिकट मान्य होगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अब यात्री क्यू.आर कोड स्कैन करके डिजीटल भुगतान के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे उन्हें टिकट काऊंटर पर लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा रेलवे की यू.टी.एस. ऑन मोबाइल एप्लीकेशन यात्रियों को अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और मासिक सीजन टिकट बुक करने की सुविधा प्रदान करती है। यह पहल न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगी बल्कि नकदी लेन-देन की झंझट से भी मुक्ति दिलाएगी।
जागरूकता अभियान के तहत रेलवे स्टाफ ने जालंधर रेलवे स्टेशन पर विशेष काउंटर स्थापित किए हैं, जहां यात्रियों को क्यू.आर कोड से भुगतान करने और यू.टी.एस. ऑन मोबाइल के फीचर्स के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्टाफ द्वारा यात्रियों के मोबाइल फोन में यू.टी.एस. एप्लीकेशन इंस्टॉल करवाई जा रही है ताकि वे स्वयं ही टिकट बुक कर सकें और काऊंटरों की भीड़ से बच सकें।

