Punjab news point : हरियाणा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। इस विमान ने अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी। इंडियन एयरफोर्स के अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि, विमान हादसे से पहले पायलट ने कूदकर अपनी जान बचा ली। इसे लेकर एक वीडियो भी सामने आया है।
यह विमान हादसा पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी स्थित बालदवाला गांव के पास हुआ, जहां आसमान में उड़ता भारतीय वायुसेना का विमान अचानक से जमीन पर आ गिरा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन पर विमान गिरते ही आसपास के गांव के लोग डर गए और भागे-भागे घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि हादसे के बाद विमान में आग लग गई और धुआं आसमान में उठता नजर आया।
एयरफोर्स ने जांच के दिए आदेश
भारतीय वायुसेना के अधिकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान शुक्रवार को हरियाणा के पंचकूला में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी। पायलट सुरक्षित है। विमान दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि विमान का पायलट पैराशूट से सुरक्षित नीचे उतरा।

