जालंधर(राजिंद्र कुमार) : मॉडल हाउस के माता रानी चौक में थाना भार्गव कैंप के एसएचओ भगवंत सिंह भुल्लर पर हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान मॉडल हाउस के रहने वाले कमलदीप सिंह और मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक मॉडल हाउस के रहने वाले फैक्टरी मालिक जसपाल सिंह की तबीयत खराब थी। उनके घर पर कुछ रिश्तेदार आए हुए थे, जो देर रात वापस लौट रहे थे। उनका बेटा कमलदीप सिंह उन्हें कार तक छोड़ने के लिए माता रानी चौक तक गया था। तभी वहां पर एसएचओ भुल्लर आ गए और उन्होंने युवक व उनके रिश्तेदारों से देर रात नाइट कर्फ्यू में बाहर आने का कारण पूछा। इस दौरान उनकी बहसबाजी हो गई और युवकों ने एसएचओ पर हमला कर दिया। मनप्रीत मर्चेंट नेवी में कार्यरत है जबकि कमलदीप के पिता की इलेक्ट्रकिल की फैक्टरी है।