लुधियाना में पुलिस कर्मचारी को लगी गोली

अन्य खबर

Punjab news point : लुधियाना में पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मचारी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। गोली लगने के बाद कर्मचारी खुद ही एक्टिवा चलाकर तड़के 4 बजे घर पहुंचा, लेकिन घायल होने के चलते वह घर के ही बाहर गिर गया। इस पर परिजन उसे तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले आए।

पुलिस कर्मचारी की पहचान गुरविंदर के रूप में हुई है। गुरविंदर की हालत नाजुक है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। गोली गुरविंदर की छाती में लगी है।

परिवार को शक, नशेड़ियों ने की लूट

परिवार को शक है कि नशेड़ियों ने उससे लूट की वारदात की है। पत्नी सुनंदा ने बताया कि गुरविंदर के साथ उसकी दो साल पहले शादी हुई है। वह खुद भी पुलिस कर्मचारी है। 16 अगस्त को गुरविंदर की सेहत ठीक नहीं थी। उसे पुलिस लाइन काम पर जाने से रोका था। लेकिन उसने कहा कि वह अपनी ड्यूटी बदलवाकर 1 घंटे में वापस आ जाएगा।

लापता होने के बाद पूरा दिन और रात फोन रहा बंद
करीब 11 बजे जब गुरविंदर को उसने फोन किया तो उससे बात होते ही अचानक फोन कट गया। दोबारा फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। पूरा दिन फोन बंद रहा और गुरविंदर घर भी नहीं आया। 17 अगस्त तड़के 4 बजे गुरविंदर घायल अवस्था में घर के दरवाजे पर आ गिरा। इसकी वीडियो भी सामने आई है।

हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत फोर्टिस अस्पताल दाखिल करवाया। गुरविंदर का कड़ा और मोबाइल दोनों गायब थे। इस बारे थाना जमालपुर में शिकायत दर्ज करवाई है।

संदिग्ध लोगों के आ रहे फोन
सुनंदा ने बताया कि गुरविंदर जब लापता हुआ तो उसने पुलिस में सूचित कर दिया था। इस दौरान अज्ञात लोगों के फोन भी आए। ये लोग गुरविंदर के लापता या गोली लगने के बारे बातचीत कर रहे थे। इन लोगों को वह जानती नहीं। फोन करके अज्ञात व्यक्ति इस मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे है। वह लोग कह रहे हैं कि गुरविंदर के परिवार में कलह थी, जिस कारण उसने अपने आप को गोली मारी है।

गुरविंदर ने कई बार नशेड़ियों को पकड़ा
परिवार मुताबिक इस तरह की कोई बात ही नहीं थी। परिवार शादी के बाद से ही सकुशल है। परिवार ने बताया कि गुरविंदर ने कई बार नशेड़ियों को पकड़ा है। कुछ दिन पहले भी नशा करने वाले और बेचने वालों को उसने पकड़ा था। उन्हीं लोगों पर उन्हें शक है। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस मामले के बारे जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *