Punjab news point : सेंट्रल जेल पटियाला के अंदर कैदियों व अंडर ट्रायल कैदियों को नशा व फोन पहुंचाने वाले सीनियर सिपाही को गिरफ्तार किया गया है। डयूटी पर पहुंचने सीनियर कांस्टेबल ने अपने बैग में सप्लाई करने के लिए रखे फोन व अफीम के अलावा चार्जर रखे हुए थे। जेल अधिकारियों ने पड़ताल के बाद इसे बरामद करने के बाद पुलिस को सूचित कर दिया।
थाना त्रिपड़ी पुलिस ने आरोपित सीनियर कांस्टेबल जसपाल सिंह निवासी जालंधर के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। सीनियर कांस्टेबल के बैग से एक समार्टफोन, एक चार्जर व 27.5 ग्राम अफीम बरामद हुई थी।बरामदगी के बाद आरोपित को सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सीनियर कांस्टेबल जसपाल सिंह के खिलाफ सहायक सुपरिटेंडेंट जगजीत सिंह के बयानों पर केस दर्ज हुआ है।
जेल अधिकारियों ने आरोपित सीनियर कांस्टेबल के बैग से नशा व फोन मिलने के बाद पुलिस टीम को साथ ले जाकर उसकी सरकारी रिहायश पर चेकिंग की। आरोपित के सरकारी कमरे से वर्जीनिया तंबाकू के तीन पैकेट, जर्दे की दस पुड़िया, एक हेड फोन, दो रोलिंग पेपर के अलावा चार डाटा केबल बरामद हुई है। आरोपित करीब तीन साल से सेंट्रल जेल पटियाला में तैनात था और इस दौरान वह बंदियों के सेटिंग करने के बाद उन्हें फोन व नशे की वस्तुएं मुहैया करवाता रहता था।
आरोपित सीनियर कांस्टेबल जसपाल सिंह 46 साल का है जो पीएपी जालंधर में तैनात था। जहां से उसे पटियाला सेंट्रल जेल में जेल गार्द की डयूटी पर लगाया गया था और वह तीन साल से यहीं पर डयूटी दे रहा था।
बताया जा रहा है कि जसपाल सिंह के खिलाफ पहले भी डयूटी में लापरवाही पाए जाने पर विभागीय जांच जारी है। यही नहीं एक बार गैरहाजिरी के कारण उसे सस्पेंड भी किया जा चुका है, जिसके बाद बहाली हुई थी। फिलहाल पुलिस यह सब रिकार्ड हासिल करने में जुटी है।