Punjab news point : लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मिली जानकारी के अनुसार गोइलकेरा और आनंदपुर थाना के सीमावर्ती क्षेत्र से पुलिस ने उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के एरिया कमांडर सोमा हेंब्रम और उसके साथी बिरसा खंडाईत को 2 एके 47, 3 मैगजीन, 118 गोली और 50,000 रुपए नगद के साथ गिरफ्तार किया है.
आज इसकी जानकारी देते हुए एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र में जंगल पहाडी क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के एरिया कमांडर सोमा हेम्ब्रम उर्फ नाजोम के अपने दस्ता के कुछ सदस्यों के साथ भ्रमणशील होने और गोईलकेरा व आनन्दपुर थाना क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को बन्द कराने और संवेदकों से लेवी मांगे जाने की सूचना मिली थी. इस पर आवश्यक कार्रवाई के लिए एक टीम का गठन किया गया. टीम में सैट 57 के सशस्त्र बलों को शामिल किया गया.उन्होंने बताया कि गठित टीम द्वारा गोईलकेरा थाना क्षेत्र के चिटिर पहाड़ी क्षेत्र के आस-पास में अभियान चलाया गया. इसी क्रम में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के एरिया कमाडर चोमा हेंम्ब्रम उर्फ नाजोग और उसके साथी बिरसा खंडाईत को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 2 ऐके-47 राईफल, 3 मैगजीन, 88 राउंड गोली, 50 हजार रुपए नगद, लेवी का रसीद, 315 बोर रायफल का गोली 30 राउंड, एक हीरो मोटरसाईकिल और 6 मोबाईल फोन बरामद हुआ है.

