Punjab news point : अमेरिका ने अपने तीन नागरिकों की मौत का बदला लेना शुरू कर दिया है. अमेरिका ने जॉर्डन में अपने सैनिकों पर हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की है और इराक और सीरिया में कत्लेआम मचा दिया है. अमेरिका ने इराक और सीरिया में एयरस्ट्राइक कर एक और जंग का ऐलान कर दिया है. अमेरिकी हवाई हमले में ईरान समर्थित मिलिशिया (असैनिक लड़ाकों) और ईरानी ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के 85 ठिकाने तबाह हो गए. बताया जा रहा है कि अमेरिका के इस पलटवार में करीब 18 ईरानी लड़ाके (आतंकवादी) मारे गए हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और अन्य शीर्ष अमेरिकी नेता कई दिनों से चेतावनी दे रहे थे कि अमेरिका मिलिशिया समूहों पर जवाबी हमला करेगा और उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि यह केवल एक हमला नहीं बल्कि समय के साथ की जाने वाली कई स्तर की प्रतिक्रिया होगी.
दरअसल, अमेरिकी सेना ने आसमान से रॉकेट, ड्रोन और गोला बारूद बरसा कर इराक और सीरिया में धुआं-धुआं कर दिया. अमेरिका ने जिन आतंकी ठिकानों को तबाह किया है, वहां बड़ी संख्या में रॉकेट, मिसाइल, ड्रोन और गोला बारूद थे. एक तरह से कहा जाए तो ईरान समर्थक आतंकियों के ये लॉन्चपैड थे. अमेरिका द्वारा शुक्रवार को हमले किए जाने के बाद जो बाइडन ने एक बयान जारी कर कहा, ‘अमेरिका पश्चिम एशिया या दुनिया में कहीं भी संघर्ष नहीं चाहता, लेकिन जो हमें नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, वे यह जान लें: यदि आप किसी अमेरिकी को नुकसान पहुंचाएंगे, तो हम जवाब देंगे.’

