Punjab news point : दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी मार्लेना ने सोमवार को विधानसभा में अरविंद केजरीवाल सरकार के बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए. आतिशी ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार 18 साल से ऊपर की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देगी. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत यह सम्मान राशि दी जाएगी. उनके इस ऐलान के बाद विधानसभा में आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने ‘अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद’ के नारे लगाए.
आतिशी मार्लेना ने यह ऐलान करते हुए कहा, ‘रामराज्य का अगला सिद्धांत महिला सुरक्षा है. एक महिला होने के नाते मुझे गर्व है कि महिलाओं की जरूरतों को सबसे आगे रखा है. बिजली-पानी का बिल, मोहल्ला क्लिनिक हो, या बुजुर्ग माताओं को तीर्थ पर भेजना हो… 2014 और 2024 तुलना में महिलाओं को बेहतर जिंदगी देने की कोशिश की है.’
‘राम राज्य का सपना करना है साकार’
वित्त मंत्री आतिशी ने इस बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए 16,396 करोड़ रुपये के आवंटन का प्रस्ताव रखा है. उन्होंने कहा, ‘यह गौरव की बात है कि अरविंद केजरीवाल सरकार अपना दसवां बजट पेश कर रही है. मैं सिर्फ दसवां बजट नहीं, बल्कि बदलती दिल्ली की तस्वीर पेश कर रही हूं. केजरीवाल आशा की किरण बनकर आए. हम सभी राम राज्य से प्रेरित हैं. हम राम राज्य के सपने को साकार करने के लिए मेहनत से काम कर रहे हैं.’

