Punjab news point : शराब घोटाला मामले में अंतरिम जमानत पर चल रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के राहत वाले दिन अब खत्म होने वाले हैं. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक उन्हें 2 जून 2024 को तिहाड़ जेल प्रशासन के समक्ष सरेंडर करना है. इससे पहले शुक्रवार को सीएम केजरीवाल जनता से रूबरू हुए. उन्होंने कहा कि मैं देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं. मुझे इस बात का गर्व है. सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘मैं बेशक आपके बीच में नहीं रहूंगा, लेकिन मैं आपके एक भी काम नहीं रुकने दूंगा. मैंने आपको अपना परिवार मानकर ख़्याल रखा. अब आप लोग मेरे बुजुर्ग और बीमार माता-पिता का ख़्याल रखियेगा.’
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘मैं अंदर रहूं या बाहर, दिल्ली क काम नहीं रुकना चाहिए. मैं आपके काम नहीं रुकने दूंगा. मोहल्ला क्लीनिक, अस्पताल, 24 घंटे बिजली, शिक्षा आदि का काम बिना किसी बाधा के चलता रहेगा. मैं (जेल से) लौटकर हर महिला को हज़ार रुपये देने की भी शुरुआत करूंगा.’ सीएम केजरीवाल ने अपने माता-पिता के बारे में भी चर्चा की. उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने हमेशा आपके परिवार का बेटा बनकर अपना फर्ज निभाया है. आज मैं अपने परिवार के लिए आपसे कुछ मांग रहा हूं. मेरे माता-पिता बहुत बुजुर्ग हैं. मेरी मां बहुत बीमार रहती हैं. मुझे जेल में उनकी बहुत चिंता होती है.’

