Punjab news point : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस की राजधारी मॉस्को पहुंच चुके हैं. जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. रूस के प्रथम डिप्टी पीएम डेनिस मंटुरोव पीएम मोदी की अगवानी करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे. वे अपनी कार में बिठाकर होटल तक ले गए. ऐसा आमतौर पर बहुत कम होता है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंंग जब मॉस्को पहुंचे थे तब उनका भी इस तरह से स्वागत नहीं हुआ था. एयरपोर्ट पर उन्हें लेने के लिए रूस के छोटे नेता पहुंचे थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉस्को में रहने वाले भारतीयों से मुलाकात की. उनसे हाथ मिलाया. बच्चों ने तिरंगा लहराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया. रसियन ऑर्टिस्ट ने हिंदी गाने पर डांस किया. वहां पहुंचते ही पीएम मोदी ने अपडेट दिया. सोशल मीडिया पर लिखा, मॉस्को में लैंड किया. हमारे देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने को उत्सुक हूं. खासकर आपसी सहयोग के क्षेत्रों में. हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों से हमारे लोगों को बहुत फायदा होगा.
दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत मुलाकात
पीएम मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की तीन दिवसीय यात्रा पर गए हैं. मॉस्को में वे भारत-रूस 22वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी व्यक्तिगत मुलाकात होगी. राष्ट्रपति पुतिन पीएम मोदी के स्वागत में रात्रिभोज भी दे रहे हैं. मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे. बाद में पुतिन और मोदी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी. उसके बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रिया रवाना हो जाएंगे.

