Punjab news point : जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की शनिवार को जारी मतगणना में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मोहिंदर भगत अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर से 23,000 से ज्यादा मतों से आगे हैं।
पंजाब में सत्तारूढ़ दल ‘आप’ के नेता भगत सुबह आठ बजे यहां लायलपुर खालसा महिला कॉलेज में शुरू हुई मतगणना के आठ दौर के बाद 23,240 मतों से आगे हैं। कुल 13 दौर की मतगणना होनी है।रूझानों के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुराल तीसरे स्थान पर हैं। जालंधर में भगत के घर पर जश्न मनाया जा रहा। उनके परिवार के सदस्य और समर्थक मतगणना के रूझानों से बेहद खुश हैं।
भगत पहले दौर की मतगणना से ही बढ़त बनाए हुए हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार बिंदर कुमार चौथे स्थान पर हैं, जबकि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की सुरजीत कौर पांचवें स्थान पर हैं।
आप विधायक के तौर पर अंगुराल के इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई थी जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। वह मार्च में भाजपा में शामिल हो गए थे।

