Punjab news point : उच्च पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार डी.एस.पी. राजासांसी इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में लोपोके थाना पुलिस और उसके मुखी हिमांशु भगत ने बंदूक की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करके 4 लुटेरों को गिरफ्तार करके बड़ी सफलता हासिल की है। इस संबंध में डीएसपी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उक्त लुटेरों ने गत दिनों लोपोके कस्बे में शीला शाह किराना स्टोर तथा अटारी स्थित रेडीमेड स्टोर में बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लोपोके थाना पुलिस और उसके प्रमुख हिमांशु भगत द्वारा गहन जांच के बाद आरोपी बलजीत सिंह बाबा, रामू निवासी ठट्ठा, विशाल निवासी ओडर और सूरज भुर्जी निवासी कोट खालसा को एक पिस्तौल और एक राइफल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में लोपोके पुलिस स्टेशन में उक्त लुटेरों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच की जा रही है।

