Punjab news point : उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट छह माह बंद रहने के बाद रविवार सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए और इसी के साथ चारों धामों की यात्रा शुरू हो गयी। गढ़वाल हिमालय के चारधाम के नाम से मशहूर अन्य तीन धाम- केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट अक्षय तृतीया के पर्व पर शुक्रवार को ही खोल दिए गए थे।
भारी भीड़, यमुनोत्री के यात्रियों को रोकना पड़ा : उत्तराखंड के चार धामों में दर्शन के लिए उमड़ रही भारी भीड़ के बीच पुलिस ने यमुनोत्री की धारण क्षमता का हवाला देते हुए श्रद्धालुओं से धाम की यात्रा रविवार को स्थगित करने को कहा। उत्तराखंड पुलिस द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस संबंध में सूचना जारी करते हुए कहा गया, ‘आज श्री यमुनोत्री धाम पर क्षमता के अनुसार पर्याप्त श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं। अब और अधिक श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा है। श्रद्धालुओं से विनम्र अपील है कि आज यमुनोत्री जी की यात्रा स्थगित करें।’
तीन तीर्थयात्रियों की हृदयाघात से मौत
उत्तरकाशी (एजेंसी) : यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आये तीन श्रद्धालुओं की हृदयाघात के कारण मृत्यु हो गयी। पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश की संपत्तिबाई (62) यमुनोत्री के आधार शिविर जानकीचट्टी के निकट बेहोश हो गयीं। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घटना में, मध्य प्रदेश के ही सागर जिले के रामगोपाल (71) और उत्तर प्रदेश के उन्नाव की विमला देवी (69) की भी हृदयाघात से मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि कठिन पहाड़ी यात्रा को देखते हुए लोगों को रुक-रुक कर यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।

