Punjab news point : पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने राज्य के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिए हैं कि वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें ताकि इलाज के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।आज यहां सिविल सर्जनों के लिए एक कांफ्रेंस-कम-प्रशिक्षण कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सभी सिविल सर्जनों के प्रदर्शन की समीक्षा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों के विश्वास को और मजबूत करने के लिए मरीजों और उनके साथ देखभाल के लिए आने वाले व्यक्तियों के प्रति विनम्रता का व्यवहार रखना चाहिए। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों को मानक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक फंड की सुनिश्चितता की है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग छात्रों को रक्तचाप, एच.बी. स्तर और आंखों की जांच संबंधी प्रशिक्षण दिया जाए और उनकी सेवाओं का उपयोग अस्पतालों में मरीजों और उनके अटेंडेंट्स की सहायता के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को किसी दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में दूसरों की सहायता करने के योग्य बनाने के लिए प्राथमिक सहायता संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

